Twitter Controversy: ट्विटर के खुलासे पर राकेश टिकैत ने कही इतनी बड़ी बात! जानिए BJP नेताओं ने क्या-क्या कहा?

Share

Twitter Controversy | ट्विटर के पूर्व सीईओ जैक डोर्सी के किसान आंदोलन को लेकर खुलासे पर भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने जैक डोर्सी के किसान आंदोलन को कवर करने वाले खातों को ब्लॉक करने के भारत सरकार के ‘दबाव’ के दावे को सही बताया है।

टिकैत ने कहा है कि मोदी सरकार ने इस तरह की कोशिश की होगी। उन्होंने आरोप लगाया है कि किसान आंदोलन के दौरान संयुक्त किसान मोर्चा के ट्विटर अकाउंट समेत कई किसान नेताओं के ट्विटर अकाउंट सस्पेंड किए गए थे।

टिकैत ने डोर्सी के बयान को सही बताया

टिकैत ने कहा कि जैक डोर्सी ने जो कुछ भी कहा वो सही है। उन्होंने कहा कि हमें जानकारी थी कि फेसबुक और ट्विटर पर किसान आंदोलन में जिस तरह की रीच (पहुंच) की उम्मीद थी, वो नहीं मिल रही थी। वो इसे अपने स्तर पर रोकने की कोशिश करते थे। जैक डोर्सी ने अब ये साफ तौर पर कह दिया है। टिकैत ने कहा कि ऐसी कंपनियां किसी के दबाव में नहीं आतीं हैं। भारत सरकार ने इस तरह की कोशिश की होगी। उन्होंने जो कहा वो सही है।

ट्विटर के पूर्व CEO डोर्सी ने क्या खुलासा किया?

डोर्सी ने यूट्यूब चैनल ‘ब्रेकिंग पॉइंट्स विद क्रिस्टल एंड सागर’ को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि भारत सरकार ने किसान आंदोलन की कवरेज को लेकर ट्विटर पर दबाव डाला। उन्होंने कहा कि सरकार ने दबाव बनाया कि वो भारत में ट्विटर कंपनी को बंद कर देगी और उनके कर्मचारियों के घरों पर छापा मारेगी।

डोर्सी के खुलासे पर क्या बोले तत्कालीन I&B मंत्री रविशंकर?

पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर ने डोर्सी के खुलासे को खारिज किया है। उन्होंने डोर्सी पर ग़लतबयानी करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने मंत्री रहते कंपनी को कानून का पालन करने को कहा था। उन्होंने कहा कि डोर्सी और उनके साथियों के जरिए भारत के खिलाफ एजेंडा चलाने वालों को आशिर्वाद मिलता था। पाकिस्तान से अनवेरिफाइड अकाउंट्स जो आंतकवाद को प्रमोट करते थे, उन पर कार्रवाई नहीं होती थी। उन्होंने कांग्रेस पर डोर्सी के बयान को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है।

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने डोर्सी के दावे को बताया झूठ

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने डोर्सी पर आरोप लगाया है कि साल 2020 से 2022 के बीच ट्विटर ने कई बार भारतीय कानूनों का उल्लंघन किया और साल 2022 के बाद ही कंपनी ने कानून का पालन करना शुरू किया। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि ये एक स्पष्ट झूठ है।

चंद्रशेखर ने कहा कि साल 2020 के दौरान ट्विटर को भारतीयों और केंद्र सरकार के खिलाफ गलत सूचना का हथियार बनाया गया था।


Share