Delhi News: Bone and Joint Week 2025 | बुज़ुर्गों की हड्डी और जोड़ों की सेहत के लिए देशभर में जागरूकता अभियान

Share

Bone and Joint Week 2025 : भारतीय ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (IOA) के तत्वावधान में दिल्ली ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (DOA) 3 से 10 अगस्त तक बोन एंड जॉइंट वीक 2025 मना रही है। इस कार्यक्रम का मकसद बुजुर्गों में आर्थराइटिस, ओस्टियोपोरोसिस और हड्डी-जोड़ों से जुड़ी बीमारियों को लेकर जागरुकता फैलाना है। इस साल की थीम “Old is Gold: 360° for the Elderly – Ensuring Mobility, Dignity and Longevity” रखी गई है।

कार्यक्रम को लेकर वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि चौहान ने बताया कि हड्डियों और जोड़ों की देखभाल आत्मनिर्भरता, गरिमा और दीर्घायु जीवन की कुंजी है। आज के समय में जब जीवन प्रत्याशा लगातार बढ़ रही है, ऐसे में बुज़ुर्गों की गतिशीलता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक हो गया है।

डॉ. रवि चौहान ने बताया कि बोन एंड जॉइंट वीक 2025 का मुख्य उद्देश्य बुज़ुर्गों में आम ऑर्थोपेडिक समस्याओं जैसे ऑस्टियोपोरोसिस, गठिया, रीढ़ की हड्डी का क्षरण, फ्रैजिलिटी फ्रैक्चर और गिरने की घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही लोगों को हड्डी रोगों की रोकथाम, शीघ्र निदान और आधुनिक उपचार विकल्पों के बारे में शिक्षित करना है।

सीनियर ऑर्थोपेडिक डॉ. करुण जैन ने कहा कि बुढ़ापे में फ्रेक्चर होना मृत्यु का एक बड़ा कारण है। बुढ़ापे में कूल्हे और रीढ़ का फ्रेक्चर घातक होता है। डॉ. करुण जैन ने बताया कि खानपान और व्यायाम करके हड्डियों की कमज़ोरी को रोका जा सकता है। डॉ. जैन ने कहा कि इस अभियान का मकसद “स्वस्थ हड्डियाँ, स्वस्थ जीवन” के संदेश को लोगों तक पहुँचाना है।

सीनियर ऑर्थोपेडिक डॉ. जुझार सिंह ने कहा कि ये मुहिम बहुत ज़रूरी है क्योंकि अगर बुजुर्ग लोगों को हड्डियों और जोड़ों की देखभाल की बहुत ज़रूरत होती है। उन्होंने कहा कि ऑस्टियोपोरोसिस की वजह से लोगों की हड्डियां कमज़ोर हो जातीं हैं और बुढ़ापे में फ्रेक्चर होने पर लोगों को ऑस्टियोपोरोसिस के बारे में पता चलता है। इससे बचने के लिए कैल्शियम-रिच, विटमिन-डी रिच भोजन करना चाहिए और साथ ही थोड़ा व्यायाम ज़रूर करना चाहिए।

डॉ. जुझार ने कहा कि इस अभियान के ज़रिए नीति निर्माताओं और शहरी योजनाकारों को वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बोन एंड जॉइंट वीक के तहत मुफ्त बोन हेल्थ कैंप, जिसमें BMD स्क्रीनिंग, फिजियोथेरेपी परामर्श और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श दिया जाएगा।

बोन एंड जॉइंट वीक 2025 न केवल हड्डी और जोड़ की बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करेगा, बल्कि समाज में बुज़ुर्गों की गरिमा और स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की दिशा में एक मजबूत कदम भी साबित होगा।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए DOA अध्यक्ष डॉ. अजय शुक्ला, प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉ. विनोद कुमार, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. समरजीत सिंह, सेक्रेटरी डॉ. संदीप कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ. रवि चौहान की पूरी टीम प्रतिबद्ध है।


Share